
वॉशिंगटन। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और भारत को अपनी कर्मस्थली बनानेवाली अल्बानियाई नन मदर टेरेसा को ‘टाइम’ पत्रिका की 'पिछली सदी की 25 अति शक्तिशाली महिलाओं' की सूची में शामिल किया गया है। ‘टाइम’ पत्रिका के इस सर्वेक्षण में महिलाओं के मताधिकार की मुखर प्रवक्ता जेन एडम्स को शीर्ष स्थान प्राप्त हुआ है। एडम्स नोबेल पुरस्कार पानेवालीं पहली अमेरिकी महिला हैं। इस सर्वेक्षण में अमेरिकी विदेशमंत्री हिलेरी क्लिंटन छठे स्थान पर हैं।
इंदिरा गांधी का स्थान इस सूची में नौवें स्थान पर है। इंदिरा गांधी 1966 में जब प्रधानमंत्री बनी थीं, तो ‘टाइम’ पत्रिका के मुख्यपृष्ठ पर उनका जिक्र हुआ था और इस कैप्शन के साथ कि "ट्रबल्ड इंडिया इन ए वुमेन्स हैंड्स।" पत्रिका ने लिखा है, "उनके मजबूत हाथ भारत को दो दशकों तक चलाते रहे- मंदी, अकाल, देश में पहले परमाणु परीक्षण, भ्रष्टाचार का एक स्कैंडल और पड़ोसी पाकिस्तान के साथ युद्ध, जिसके कारण नए राष्ट्र बांग्लादेश का सृजन हुआ - इन सब रास्तों से गुजरते हुए। लेकिन यह सबकुछ निर्विवाद नहीं था।"
पत्रिका ने लिखा है, "जिस समय 1984 में उनकी हत्या की गई थी, गांधी दुनिया की सबसे अधिक समय तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहनेवालीं महिला बन चुकी थीं और उनका यह कीर्तिमान आज भी बरकरार है।"मदर टेरेसा इस सूची में 22वें स्थान पर हैं। पत्रिका ने कहा है, "नीली पट्टी के किनारे वाली उनकी विशिष्ट पोशाक अब गरीब से गरीब लोगों में उनकी सेवा और करुणा के आदर्श के रूप में स्थापित हो गई है।"








