लंदन - इंग्लैंड सीरीज का चौथा टेस्ट भारत एक पारी और 8 रन से बुरी तरह से हार गया। इंग्लैंड ने टेस्ट सीरीज में भारत को क्लीन स्विप करते हुए 4-0 से शिकस्त दी। ओवल के मैदान पर आखिरी मैच में इंग्लैंड की पहली पारी 591 के खिलाफ फॉलोऑन खेलने उतरी टीम इंडिया अपनी लाज नहीं बचा पाई और 283 रन पर ढेर हो गई।
मैन ऑफ द मैच इंग्लिश बल्लेबाज इयान बेल को चुना गया। बेल ने इंग्लैंड की ओर से शानदार 235 रन बनाए। मैन ऑफ द सीरीज के रूप में गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड(इंग्लैंड) और बल्लेबाज राहुल द्रविड़(भारत) को चुना गया। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर(91) के बाद भारतीय पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। सचिन के बाद महज 7 रन के कुल योग पर रैना(00), धोनी(03), आरपी सिंह(00), गंभीर(03) और श्रींसत(06) भी पैवेलियन लौट गए। इससे पहले 262 के स्कोर पर अमित मिश्रा(84) आउट हुए थे। ओवल टेस्ट के आखिरी दिन सबसे भारत को चौथा झटका अमित मिश्रा के रूप में लगा। स्वान के हाथों बोल्ड आउट हुए मिश्रा ने 10 चौकों की मदद से 141 गेंदों में 84 रन बनाए। सचिन के साथ अमित ने चौथे विकेट के लिए 144 रनों की साझेदारी की और स्कोर को 262 तक पहुंचाया। इसके बाद अगले ही ओवर में तेंदुलकर भी ब्रेसनन की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए। सचिन ने 172 गेंदों पर 11 चौके ठोकते हुए 91 रन बनाए। सचिन के बाद टीम इंडिया के विकेट पतन की झड़ी ही लग गई और एक के बाद एक तीन विकेट गिर गए।
इंग्लैंड सीरीज का चौथा टेस्ट ने आखिरी दिन "सचिन बनाम इंग्लैंड" का रूप ले लिया। रविवार को भारत को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर करने वाली इंग्लिश टीम अब भारत को पारी से हराने को बेताब थी लेकिन सचिन और अमित मिश्रा ने उसके इरादों पर पानी फेर दिया। इस चौथे विकेट की साझेदारी को तोड़ने के लिए इंग्लिश टीम ने पूरा दम लगा दिया। स्टुअर्ट ब्रॉड और स्वान के साथ जहां आक्रमण तेज करने के साथ ही तीन-तीन स्लिप लगाकर जाल बिछाया। लेकिन इन चुनौतियों का सामना करते हुए सचिन ने 91 रन और अमित ने 84 रन बनाते हुए भारतीय स्कोर को 262 तक पहुंचा दिया। सचिन यहां अपने 100वें शतक से चूक गए। वह नर्वस नाइंटीज का शिकार हुए।
ओवल टेस्ट के आखिरी दिन लंच तक के 30 ओवर के सत्र में टीम इंडिया ने बिना कोई विकेट गंवाए 87 रन जोड़ते हुए स्कोर को 216 तक पहुंचा दिया। सचिन और अमित मिश्रा चौथे विकेट की साझेदारी में तब तक 98 रन जोड़ चुके थे, लेकिन लंच तक भी पारी से हार का खतरा टला नहीं, भारत तब भी इंग्लैंड की पहली पारी(591) से 75 रन पीछे था।
इससे पहले ओवल टेस्ट के चौथे दिन टीम इंडिया ने निराशजनक प्रदर्शन किया। 0-3 से यह टेस्ट सीरीज पहले ही हार चुकी भारतीय टीम यहां फॉलोऑन भी नहीं बचा पाई। इंग्लिश तूफान के आगे राहुल द्रविड़ को छोड़ कोई नहीं टिक पाया और 300 के स्कोर पर टीम ऑल आउट हो गई। टीम का दूसरी पारी में भी ऎसा ही शर्मनाक प्रदर्शन जारी रहा और चौथे दिन का खेल खत्म होने तक शीर्ष तीन बल्लेबाज पैवेलियन लौट गए। स्टम्पस तक क्रीज पर सचिन(35) और अमित मिश्रा(08) खेल रहे थे।
इंग्लैंड के पहली पारी के पहाड़ से स्कोर 591 के सामने भारतीय बल्लेबाजों के हौसले पस्त थे। फॉलोऑन खेलने उतरी टीम इंडिया की पारी "दीवार" राहुल द्रविड़ के अहम विकेट के गिरने के बाद ही लड़खड़ाने लगी है। पिछली पारी में शतकीय पारी(146) खेलने वाले द्रविड़ महज 13 रन बनाकर स्वान की गेंद पर कुक के हाथों कैच आउट हुए। सहवाग के रूप में दूसरा विकेट भी स्वान ने ही गिराया। सहवाग 33 रन बना कर बोल्ड आउट हुए। सलामी बल्लेबाज जोड़ी पैवेलियन लौटने के बाद अब तीसरे विकेट के रूप में वीवीएस लक्ष्मण(24) भी आउट हो गए।
भारतीय टीम पहली पारी में द्रविड़ के नाबाद 146 रनों की बदौलत मौजूदा श्रृंखला में पहली बार 300 रन के आंकड़े को छूने में सफल रही। द्रविड़ के अलावा कोई बल्लेबाज यहां नहीं टिक पाया। सहवाग(08), लक्ष्मण(02), सचिन(23), रैना(00), ईशांत(01), कप्तान धोनी(17), अमित मिश्रा(43), गंभीर(10), आरपी सिंह(25) और श्रीसंत(00) रन बना पैवेलियन लौटे। द्रविड़ ने इस दौरान शतकों के मामले में भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर और वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने 168 गेंदों पर करियर का 35वां शतक लगाया।
उल्लेखनीय है कि इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी तीसरे दिन 6 विकेट पर 591 रन पर घोषित की। इंग्लैंड की ओर से बेल ने शानदार 235 रन बनाए जबकि पीटरसन ने 175 रन का योगदान दिया।
भारत के यह मैच हारने पर वह 117 रेटिंग अंकों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई। वहीं इंग्लैँड 125 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गया है।
सभार - पत्रिका











