नागपुर से खबर है कि भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा है कि वह टीम के दक्षिण अफ्रीका दौरे पहले कुछ दिनों के विश्राम की मांग भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से करेंगे। धोनी ने शुक्रवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि इस साल की शुरुआत में श्रीलंका दौरे से लेकर अब तक काफी व्यस्त कार्यक्रम रहा है और युवा बल्लेबाज सुरेश रैना तथा खुद धोनी समेत कुछ खिलाड़ियों को बिल्कुल भी विश्राम नहीं मिल सका है, इसलिए वह चाहते हैं कि दक्षिण अफ्रीका जाने से पहले एक विश्राम मिले।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण अफ्रीका रवाना होने से पहले भारत को केवल न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला खेलनी है और अगर धोनी की बात मानी गयी तो वह इस श्रृंखला में टीम के साथ नहीं होंगे।
धोनी ने कहा, आप मेरे या रैना जैसे खिलाड़ियों का रूटीन देखिए, हम श्रीलंका दौरे के बाद से लगातार बिना आराम के क्रिकेट खेल रहे हैं। श्रीलंका के बाद हमने चैंपियंस लीग खेली, फिर वापस आकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू श्रृंखला और अब न्यूजीलैंड के खिलाफ खेल रहे हैं। उन्होंने कहा, इस व्यस्त कार्यक्रम के कारण हमें तैयार होने और आराम करने के बीच कोई ज्यादा अंतरालन नहीं पाता है। हम अपनी अपील बोर्ड के समक्ष रखेंगे, लेकिन यह भी देखना पड़ेगा कि उस दौरान वरिष्ठ खिलाड़ी टीम के लिए उपलब्ध हैं या नहीं।











