साइबर की दुनिया से जुड़े लोगों को कपिल सिब्बल का बयान पहले ही पसंद नहीं आया था, लेकिन अब इस फेहरिस्त में साइबर हैकर भी शामिल हो गए है। अब उन्होंने कांग्रेस की अधिकारिक वेबसाइट को अपना निशाना बनाते हुए सोनिया गांधी की फोटो से छेड़छाड़ करते हुए उसपर अश्लील कमेंट लिख दिया है। कांग्रेस ने वेबसाइट के हैक होने की जानकारी के बाद फिलहाल बंद कर दिया है।
हैकरों ने यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के जन्मदिन पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अधिकारिक वेबसाइट को हैक किया है। शुक्रवार को ही सोनिया गांधी 65 वर्ष की हुई हैं। हाल ही में सरकार ने इंटरनेट पर प्रसारित सामग्री पर नजर रखने के लिए इंटरनेट कंपनियों से कहा था। भारत सरकार के इस कदम का इंटरनेट जगत में विरोध भी हुआ था।
खासतौर से कांग्रेस नेताओं की तस्वीरें के साथ होने वाली छेड़छाड़ के प्रति सरकार ने नाराजगी दिखाई थी। वेबसाइट हैक करने को भी इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। कांग्रेस की वेबसाइट को पाकिस्तान साइबर आर्मी नामक ग्रुप ने हैक किया है। यह ग्रुप इससे पहले भी कई भारतीय वेबसाइटों को हैक करने का दावा कर चुका है।











