तीसरे के बाद चौथा ई-मेल, अहमदाबाद भी निशाने पर
नई दिल्ली- दिल्ली हाईकोर्ट धमाके के सुराग को लेकर हाथ पांव मार रही देश की सुरक्षा एजेंसियों के सामने आए चौथे ईमेल से नयी दुविधा खडी हो गयी है। शुक्रवार अपराहन मीडिया के सामने तीसरा ई-मेल आया था तो शाम को चौथा ई-मेल भी आ गया। चौथे मेल में तीसरे मेल के ही संदेश को दोहराते हुए हर हाल में आईएम द्वारा हमला किये जाने की बात कही गयी है। तीसरा ई-मेल अल्फा-न्युमेरिक कोड भाषा में भेजा गया था जिसे पुलिस ने डिकोड किया।
इस मेल में अहमदाबाद में धमाके की चेतावनी दी गई थी। ई-मेल मीडिया में प्रसारित हो जाने पर आईएम की ओर से पुन: मास्को से ही छोटू नाम के व्यक्ति ने चौथा ई-मेल भेजा है जिसमें कहा गया है कि भले ही उनके तीसरे कोडेड ई-मेल को भले ही पढ लिया गया हो लेकिन अब अहमदाबाद में धमाका मंगलवार से पहले हर हाल में होगा व तरीका नया होगा और पुलिस को इसका पता ही नहीं चल पाएगा। इससे पूर्व शुक्रवार अपरान्ह मीडिया को दिल्ली हाईकोर्ट ब्लास्ट के मामले में याहू अकाउंट से भेजे गए ईमेल में जल्द फिर किसी आतंकी हमले की धमकी दी गई थी।
सरकार ने याहू से ईमेल और अकाउंट के बारे में ज्यादा जानकारी मांगी है। इससे पहले गुरूवार को हूजी के बाद इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) ने छोटू मियां के नाम से भेजे एक ईमेल में धमाके की जिम्मेदारी ली थी। यह ईमेल अहमदाबाद से भेजा गया था। ई-मेल छोटूमिनांनिजएटजीमेलडॉटकॉम आईडी से आया था। इस मेल में कहा गया था कि ब्लास्ट के लिए बुधवार का दिन इसलिए चुना गया, क्योंकि हाईकोर्ट में इस दिन ज्यादा भीड रहती है। नये मेल में यह दावा किया गया कि अगले हफ्ते मंगलवार 13 सितंबर को दिल्ली के किसी शापिंग मॉल में विस्फोट किया जाएगा।
हालांकि पुलिस अधिकारी पहले ईमेल से नये मेल के तरीके को अलग अलग बता रहे है। बावजूद सुरक्षा एजेंसियां कोई रिस्क लेना नहीं चाहती। कारण 13 तारीख इंडियन मुजाहिदीन की वारदात को अंजाम देने की पसंदीदा तारीख हुआ करती है। दिल्ली पुलिस ने इसे लेकर सुरक्षा कडी कर दी है। बताते चले पहली बार ब्लास्ट की जिम्मेदारी लेने वाला ईमेल जम्मू-कश्मीर के किश्तव़ाड से भेजा गया था। इस मेल में हूजी ने ब्लास्ट की जिम्मेदारी ली थी। किश्तव़ाड के जिस साइबर कैफे से यह ईमेल भेजा गया था, गुरूवार को वहां से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया था।











